कन्होई रेलवे पुल के पास सड़क हादसे में युवक की हुई मौत
गभाना। जीटी रोड पर कन्होई स्थित रेलवे ओवर ब्रिज के पास बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना कोई कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
क्षेत्र के गांव हसनपुर निवासी 22 वर्षीय अख्तर अली पुत्र फैजान सोमवार देर शाम को बाइक से किसी काम से गभाना बाजार आ रहा था। जैसे ही वह जीटी पर कन्होई स्थित ओवरब्रिज के पास पहुंचा तभी किसी वाहन को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिसमें अख्तर अली गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनाें ने घायल को जेएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया। जहां पर हालत गंभीर डॉक्टरों ने दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार को दिल्ली ले जा रहे थे, तभी रास्ते में में अख्तर अली ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। परिजनों कोई भी कानूनी कार्रवाई कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक चार भाई-बहन में सबसे बड़ा था।