गभाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर युवक ने महिला के साथ की छेड़छाड़, रिपोर्ट दर्ज
गभाना। थाना क्षेत्र के एक गांव में नामजद युवक ने घर में घुसकर महिला के साथ छेड़छाड़ कर डाली। आरोप है कि जब पीड़िता ने मामले की शिकायत आरोपी के पिता से की तो उसने भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका पति दिल्ली में नौकरी करता है। 1 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे वह घर पर अकेली थी। तभी गांव का आकाश पुत्र राजेश उसके घर में घुस आया। आरोप है कि इस दौरान आकाश ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए उसे जबरन गले लगा लिया।
जब उसने शोर मचाना शुरू कर दिया तो आरोपी उसे व परिजनाें को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। मामले जब वह आरोपी के पिता से शिकायत करने पहुंची तो आरोप है कि उसने भी गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। पति के दिल्ली के लौटने के बाद पीड़िता थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।