गभाना में कार की टक्कर से बाइक सवार दादी- पोती की हुई मौत
- गभाना से गांव लौटने के दौरान हाईवे पचपेड़ा मोड़ पर हुआ हादसा
गभाना। हाईवे पचपेड़ा मोड़ पर देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। यहां कार ने बाइक सवारों को रौंद डाला। हादसे में बाइक सवार दादी-पोती की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार जेएन मेडिकल कालेज में चल रहा है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
लोधा क्षेत्र के गांव ककौला निवासी अमित कुमार पुत्र नेकसा सोमवार शाम को अपनी मां बबीता देवी व दो वर्षीय बेटी लवन्या के साथ कस्बा गभाना में अपनी रिश्तेदारी से गांव लौट रहे थे। तभी हाईवे पर पचपेड़ा मोड़ के पास पीछे से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भांकरी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डाॅक्टरों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां पर डॉक्टरों ने दो वर्षीय लवन्या को मृत घोषित कर दिया, जबकि मां-बेटा की हालत गंभीर देखते हुए जेएन मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान 45 वर्षीय बबीता देवी की भी मौत हो गई। दादी-पोती की मौत की सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।