रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

चालक के साथ मारपीट कर कार लूटने वाले लुटेरे को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

गभाना। थाना पुलिस ने पिछले दिनों चालक के साथ मारपीट कर कार को लूटने के मामले में वांछित चल रहे एक लुटेरे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने तमंचा व कारतूस भी बरामद किए हैं। मामले में पुलिस पूर्व में ही बाल अपचारी(नाबालिग) समेत दो आरोपियों को लूट की कार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

18 मार्च को दनकौर के लिए हरियाणा से भाड़े पर लाए थे कार

हाथरस के थाना सहपऊ के गांव सुल्तानपुर निवासी अमित कुमार हरियाण के बल्लभगढ़ में रहकर ऊबर कंपनी में स्विफ्ट डिजाइर कार चलाते हैं।

बीती 18 मार्च की रात्रि में करीब 12:30 बजे अमित कार को बल्लभगढ़ (हरियाणा) बस अड्डे पर लेकर गया था। जहां से पांच युवकों ने 1200 रुपये के भाड़े पर कार को गौतमबुद्धनगर के दनकौर नहर के लिए आने के लिए तय किया। देर रात में दनकौर नहर पर पहुंचते ही बदमाशों ने गाड़ी रूकवा लिया और चालक को गाड़ी से नीचे खींच लिया। बदमाशों ने चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर डाली और कंबल ऊपर डालकर गाड़ी में पिछली सीट पर डाल दिया था। शोर मचाने पर बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। 19 मार्च की सुबह बदमाश उसे गभाना क्षेत्र में हाईवे पर पचपेड़ा मोड़ के पास बने यात्री शेड के पास फेंककर कार व उसके मोबाइल को लूटकर भाग गए थे।

बाल अपचारी समेत दो लोगों को लूट की कार के साथ किया गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में 24 घंटे में ही खुलासा करते हुए बलवंत नगलिया व हुर्सेना के पास दो आरोपियों को पुनीत भारद्वाज निवासी बान थाना छतारी जनपद बुलंदशहर व बाल अपचारी (नाबालिग) को लूट की कार समेत गिरफ्तार कर लिया था। जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में फरार साथियों के नाम प्रशांत निवासी साहर थाना छतारी व अक्की उर्फ अखिलेश यादव निवासी डूडाखेडा थाना छतारी जनपद बुलंदशहर बताया था। पुलिस ने बाल अपचारी को बाल सुधार गृह जबकि दूसरे आरोपी को जेल भेज दिया था।

महरावल पुल के पास से तमंचा समेत किया गिरफ्तार

इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि मंगलवार को एसआई अजहर हसन मय फोर्स के क्षेत्र में गस्त कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर महरावल पुल के पास से अक्की उर्फ अखिलेश यादव निवासी डूडाखेडा थाना छतारी जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया। जामा तलाशी में उसके कब्जे से अवैध तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि शेष बचे आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

error: Content is protected !!